Ranchi: रांची के जेएससीए स्टेडियम में 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मैच को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शहर में बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए हर हिस्से में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
स्टेडियम और आसपास 5000 जवान तैनात
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि स्टेडियम और उसके आसपास 5000 से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे। इसमें एटीएस, आईआरबी, रैप, जिला पुलिस और महिला बल शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छह आईपीएस, 15 डीएसपी और 30 से अधिक थानेदारों की भी अलग से ड्यूटी लगाई गई है।
फायर ब्रिगेड और वाटर कैनन भी तैनात
भीड़ या किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टेडियम के बाहर और भीतर अग्निशमन दस्ता और वाटर कैनन रखे गए हैं। पुलिस का कहना है कि दर्शकों की सुरक्षा में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
खिलाड़ियों के होटल की भी सुरक्षा बढ़ी खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटल रेडिशन ब्लू में भी पुलिस बल की अलग तैनाती की गई है। वरीय अधिकारी लगातार होटल और स्टेडियम दोनों जगहों की निगरानी कर रहे हैं।
सादे लिबास में भी पुलिस मौजूद
एसएसपी ने बताया कि गश्ती बढ़ा दी गई है और कई जवान सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे। सभी थानेदारों को अपने-अपने इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।