Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक छिनतई की घटना सामने आई है, जहां हरिओमनगर के पास एक महिला ने साहस दिखाते हुए मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को धक्का देकर गिरा दिया। महिला की इस बहादुरी से न केवल उसका मोबाइल बच गया, बल्कि क्षेत्र का एक स्नैचर को भी रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला जब सड़क के किनारे अपने फोन पर बात कर रही थी, तभी बाइक पर सवार एक युवक अचानक उसके पास पहुंचा और फोन झपट कर भागने लगा। जिसके बाद महिला घबराई नहीं। उसने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उसे जोरदार धक्का मार दिया, जिससे युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गया।
महिला की आवाज सुनकर आसपास में मौजूद लोग तेजी से मौके पर इकट्ठा हुए और गिरे हुए युवक को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने पहले उसे एक बिजली के खंभे से बांधा और उसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। कुछ लोगों ने इस दौरान घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने युवक की बाइक भी जब्त कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक पिछले कई दिनों से इस इलाके में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। शनिवार को भी वह पहले एक महिला का पर्स झपटने में नाकाम रहा था और थोड़ी ही देर बाद इस घटना को अंजाम देने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।