Saraikela: सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की एक घटना सामने आई है। जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखे चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस तरह संदिग्ध चोर बड़े इत्मीनान से दुकान में प्रवेश कर चोरी को अंजाम दे रहे हैं।
राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
शनिवार की सुबह जैसे ही स्थानीय लोग और दुकानदार को घटना की जानकारी मिली इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
इधर चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश उत्पन्न हो गया है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएँ हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली है जिसके चलते अपराधियों के हौसले और भी बुलंद होते जा रहे हैं।
लाखों रुपये की चोरी की आशंका
दुकान मालिक ने भी इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है। उनका कहना है कि चोरों ने दुकान से अधिक मात्रा में चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए है, जिसकी कीमत लाखों रुपये की बताई जा रही है।
नए थानेदार की नियुक्ति के बावजूद हुई चोरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में बढ़ते अपराधों को देखते हुए नए थानेदार की नियुक्ति की गई थी, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि के वक्त गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है.