Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा नक्सली हादसा सामने आया है। कोलंबोंगा गांव के पास भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई।
धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया। जानकारी के अनुसार तीनों महिलाएं किसी कार्य के लिए जंगल की ओर जा रही थीं, तभी रास्ते में लगे आईईडी में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
इस घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां पहले से सक्रिय रही हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके पर पहुँचकर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
एसपी ने कहा कि आईईडी लगाना नक्सलियों की आम रणनीति है, जिसके ज़रिये वह अक्सर ग्रामीणों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।