Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. कार्यक्रम राज्य सरकार के अभियान आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार के तहत आयोजित किया जा रहा है. यह आयोजन मुख्यमंत्री के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने और झारखंड स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर हो रहा है. इस मौके पर विभिन्न विभागों के हजारों पदों के लिए नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. सरकार परिसंपत्तियों का भी वितरण करेगी.
तैयारियों को लेकर कार्मिक प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने सभी विभागों को विस्तृत दिशानिर्देश भेज दिए हैं. आदेश में कहा गया है कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता 2023 के माध्यम से झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित 197 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. इसके लिए विभागवार अधिकारियों और सहायक कर्मियों की टीम बनाई गई है जो काउंटरवार वितरण कार्य का संचालन करेगी.
कार्यक्रम के लिए कुल चार काउंटर बनाए गए हैं. प्रत्येक काउंटर पर प्रभारी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सुबह 8 बजे तक स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. राज्य सरकार ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
सरकार बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र देकर युवाओं में भरोसा बढ़ाने की कोशिश कर रही है. जेपीएससी अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने से प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है. मोरहाबादी मैदान में इतने बड़े आयोजन से सरकार यह संदेश भी देना चाहती है कि वह रोजगार सृजन को लेकर गंभीर है.