Jamshedpur : जमशेदपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के जिला और महानगर नेतृत्व ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि फ्लाईओवर बनने के विरोध में कोई भी व्यक्ति नहीं है, बल्कि जनता सिर्फ उसके वर्तमान डिज़ाइन की कमियों को दूर करने की मांग कर रही है। संयुक्त बयान जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, तथा विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, नीरज सिंह, पिंटू सिंह, प्रवीण सिंह और संतोष भगत द्वारा जारी किया गया।
नेताओं ने कहा कि स्थानीय निवासी और व्यवसायियों की मांग है कि जब तक मेन फ्लाईओवर पूरा न हो जाए या उसकी समयसीमा स्पष्ट न हो जाए, तब तक उसके सहायक रैंप पर काम न शुरू किया जाए, ताकि यातायात बाधित होकर आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
वर्तमान नक्शे में बन रहे रैंप की संरचना पर भी सवाल उठाए गए। बयान के अनुसार, एक तरफ का रैंप केवल उतरने के काम आएगा, जबकि चढ़ने के लिए रास्ता नहीं होगा। नेताओं ने कहा कि ऐसी संरचना अव्यवहारिक है और इसे तुरंत दुरुस्त किए जाने की जरूरत है।
संयुक्त बयान में जदयू नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री रहे बन्ना गुप्ता पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के बीच रहना बन्ना गुप्ता का पुराना शौक है।” नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रेस कांफ्रेंस में शामिल कई लोग भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं और जेल जा चुके हैं।
जदयू नेताओं ने यह भी कहा कि जल्द ही वे बन्ना गुप्ता के विधायक निधि के खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करेंगे और बताएंगे कि किस तरह फंड का दुरुपयोग हुआ। “हम इसकी पोल खोलेंगे और जनता तक सच्चाई पहुंचाएंगे,” संयुक्त बयान में कहा गया।
उन्होंने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद बन्ना गुप्ता का रवैया नहीं बदला है। “रस्सी जल गई पर ऐंठन अभी बाकी है,” ऐसा कहते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मानगो और जमशेदपुर पश्चिम में किसी भी कीमत पर अपराधियों का दोबारा राज नहीं होने देंगे और न ही योजनाओं में बेईमानी होने देंगे।
फ्लाईओवर निर्माण कार्य को कल रोके जाने पर नेताओं ने कहा कि यह कदम बच्चों और अभिभावकों की परेशानी को देखते हुए उठाया गया। प्रशासन ने सुबह 6 से 8 बजे तक दोपहिया वाहनों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने की छूट दी थी, लेकिन यह नहीं सोचा कि आजादनगर, जवाहरनगर, पारडीह, दाईगुट्टू, 15 नंबर, समतानगर आदि क्षेत्रों के बच्चे स्कूल गए तो लौटेंगे कैसे, क्योंकि 8 बजे के बाद रास्ता वन-वे कर दिया गया था।
नेताओं ने कहा कि वे जनता की समस्याओं को लेकर मुखर हैं और फ्लाईओवर निर्माण के मौजूदा स्वरूप को ठीक करने की मांग को मजबूती से उठाते रहेंगे।