सरायकेला: सेवा का अधिकार सप्ताह के चौथे दिन सरायकेला-खरसावां जिले के 19 ग्राम पंचायतों और नगर निकाय के विभिन्न वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई, अब तक 15,000 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं।
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों, बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया है कि आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। शिविर सरायकेला, खरसावां, कुचाई, राजनगर, गम्हरिया, चांडिल, इचागढ़, नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लगे, साथ ही नगर निकाय क्षेत्र में भी आवेदन लिए गए।
आय, जाति, आवासीय, राशन कार्ड, पेंशन, भूमि मापी समेत कई योजनाओं के आवेदन लिए गए और SHG सदस्यों को आईडी कार्ड बांटे गए। 21 से 29 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी जारी है।
नीमडीह के बाड़ेदा पंचायत में आयोजित शिविर में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने कहा, "इस पहल का मकसद ग्रामीणों की समस्याओं का सरल और समय पर समाधान है, ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।" उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी लेने और पात्र लाभुकों को जोड़ने की अपील की। इस दौरान उन्होंने लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।