Meta Description
भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 5 मई को जारी निर्देशों के तहत, देशभर में संभावित युद्ध के खतरों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है. इसी कड़ी में जमशेदपुर के विभिन्न स्कूलों में भी आज व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल की गई, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन को युद्ध जैसी विषम परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया.
यह मॉक ड्रिल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को देखते हुए आयोजित की गई. इस ऑपरेशन के अंतर्गत देर रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी. इसके बाद देशभर में हाई अलर्ट जारी किया गया और 5 मई को गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को मॉक ड्रिल कराने के आदेश दिए थे.
आपात स्थिति में रखें इन बातों का ध्यान
जमशेदपुर में हुई मॉक ड्रिल के दौरान स्कूल परिसर में विभिन्न आपातकालीन स्थितियों को दोहराया गया. इस दौरान छात्रों को बताया गया कि हमले या किसी अन्य आपदा की स्थिति में उन्हें किस प्रकार से संयम बनाए रखना है, कहां छिपना है, किन रास्तों से बाहर निकलना है और किसे सूचना देनी है. शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को छात्रों की सुरक्षा करने के निर्देश दिए गए.