Jamshedpur: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चोरों ने दिनदहाड़े दो फ्लैटों का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि इनमें से एक फ्लैट टेल्को वैली व्यू स्कूल की शिक्षिका निधि सिंह का था।
घटना के वक्त निधि सिंह अपने दो बच्चों के साथ स्कूल में थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नकद रकम चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोर पहले छठे माले के एक फ्लैट में घुसे थे, लेकिन जब वहां हाथ साफ़ नहीं कर पाए, तो आठवें माले पर स्थित निधि सिंह के फ्लैट को अपना निशाना बनाया। जिसके बाद फ्लैट का मुख्य द्वार तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे और सभी कमरों की अलमारियों और लॉकर को तोड़ा। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर से लगभग 50 60 लाख रुपये के जेवरात और करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले फरार हो गए हैं।
स्कूल से लौटने पर निधि सिंह ने जब घर का दरवाजा टूटा देखा तो वह हैरान रह गईं। अंदर जाकर उसने पाया कि पूरा सामान बिखरा पड़ा है और गहने सहित नकदी गायब है।
निधि सिंह के पति ने बताया कि विजया गार्डन में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। करीब एक साल पहले भी इसी इलाके के कई फ्लैटों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच जारी है।