Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-06

National News: सुरेश रैना और शिखर धवन पर ED का शिकंजा, 11.14 करोड़ की संपत्ति कुर्क, अवैध सट्टेबाजी एप केस में कार्रवाई

National News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना और शिखर धवन की मुश्किलें बढ़ गई हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है. यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट 1xBet से जुड़े धन शोधन मामले में की गई है. सूत्रों के अनुसार, ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम यानी पीएमएलए के तहत शिखर धवन की 4.5 करोड़ की अचल संपत्ति और सुरेश रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड को कुर्क करने का अनंतिम आदेश जारी किया है.

ईडी ने हाल ही में दोनों खिलाड़ियों से पूछताछ भी की थी. जांच एजेंसी का कहना है कि 1xBet जैसी सट्टेबाजी साइटें न सिर्फ अवैध हैं, बल्कि इनके जरिये बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी की आशंका है. एजेंसी का यह भी मानना है कि इन एप्स के माध्यम से लाखों निवेशकों और आम लोगों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है.

ईडी ने इस मामले में विज्ञापन और प्रचार से जुड़े पहलुओं पर भी जांच तेज कर दी है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि किन सितारों ने अवैध सट्टेबाजी एप्स के प्रमोशन में हिस्सा लिया और इसके बदले क्या वित्तीय लेनदेन हुए. इसी सिलसिले में रैना और धवन के साथ-साथ युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की गई है.

सूत्रों के मुताबिक, ईडी की जांच में यह बात सामने आई है कि रैना और धवन ने विदेशी संस्थाओं के साथ जानबूझकर प्रचार संबंधी समझौते किए थे. इन समझौतों के जरिए 1xBet और अन्य सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को भारत में लोकप्रिय बनाने की कोशिश की गई थी.

यह मामला सिर्फ दो क्रिकेटरों की संपत्ति कुर्की तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय खेल जगत और मनोरंजन उद्योग के सामने एक गंभीर नैतिक सवाल खड़ा करता है. जब जनता अपने चहेते खिलाड़ियों और कलाकारों को आदर्श मानती है, तो ऐसे प्रचार उनकी विश्वसनीयता पर गहरा असर डालते हैं. ईडी की कार्रवाई यह संकेत देती है कि अब सट्टेबाजी एप्स और उनसे जुड़े प्रभावशाली लोगों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. आने वाले दिनों में यह जांच कई और बड़ी हस्तियों तक पहुंच सकती है. यह साफ है कि मनोरंजन और खेल के नाम पर अवैध धन के खेल को अब कानूनी दायरे में लाने की तैयारी हो चुकी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !