Meta Description
जमशेदपुर (बागबेड़ा): गर्मी के तीखे प्रकोप को देखते हुए बागबेड़ा कॉलोनी स्थित श्री कृष्णा पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं समीपवर्ती प्राथमिक विद्यालय में शुद्ध पेयजल के लिए प्याऊ की सुविधा शुरू की गई। यह सामाजिक पहल पंचायत समिति सदस्य एवं स्कूल के सहायक सचिव सुनील गुप्ता की ओर से की गई, जिसका उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को गर्मी में शीतल जल उपलब्ध कराना है।
स्कूल में चार स्टैंड व घड़े की व्यवस्था
श्री कृष्णा पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में चार स्टैंड, घड़े, ग्लास और मग की व्यवस्था की गई। स्कूल के संस्थापक सह सचिव हरि बल्लभ सिंह आरसी एवं सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्याऊ का उद्घाटन किया। मौके पर आरसी जी ने प्याऊ के पानी को चखकर उसकी गुणवत्ता की भी पुष्टि की।
प्राथमिक विद्यालय में भी प्याऊ की सुविधा
गुरुद्वारा के समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो स्टैंड के साथ प्याऊ की व्यवस्था की गई। यहां प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी व शिक्षिका सरिता कुमारी ने प्याऊ का शुभारंभ किया।
बच्चों को भोजन के साथ मिला ठंडा जल
प्याऊ के उद्घाटन के दिन बच्चों को भोजन के साथ घड़े का ठंडा पानी परोसा गया। इससे बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को काफी राहत मिली। प्याऊ की देखरेख की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन को सौंपी गई है।
सामाजिक सरोकार की मिसाल
हरि बल्लभ सिंह आरसी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी में राहतदायक बताया। वहीं सुनील गुप्ता ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बताया और भविष्य में स्कूल के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही।
उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद रहे गणमान्य लोग
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका कृष्णा पांडे, सरोज सिंहा, समन्वयक बापी प्रधान, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, प्रेम कुमार, राजकुमार सिंह, अरविंद पांडे, समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।