Chattisgarh: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार (4 अक्टूबर) को एक बड़ा रेल हादसा हुआ। जहां कोरबा से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन और बिलासपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है. रेलवे की तरफ से भी इसकी पुष्टि कर दी गई है. वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही तुरंत रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
घटना स्थल पर भारी भीड़ जुटी
एंबुलेंस लगातार घायलों को अस्पताल ले जा रही थी। घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल बहुत तनावपूर्ण बन गया था। जानकारी के अनुसार यह मेमू पैसेंजर ट्रेन गेवरा से बिलासपुर की ओर जा रही थी, जबकि मालगाड़ी बिलासपुर से आने वाली थी। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक लाल खदान के पास दोनों ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आ गई, जिससे उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए और कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे की वीडियो और तस्वीरें सामने आई
जिसके बाद हादसे की वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें दुर्घटना की भयावहता साफ दिख रही है। सीपीआरओ के अनुसार घटना शाम करीब 4 बजे गतोरा और बिलासपुर स्टेशन के बीच अप लाइन पर हुई। जिसके बाद रेलवे ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी तरह की जरूरी मदद मुहैया कराई गई।
हादसे के बाद रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
इस हादसे के बाद रेलवे ने कहा है कि जांच के बाद सभी जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों. इस दुर्घटना में प्रभावित लोगों के लिए रेलवे ने मुआवजे की घोषणा की है. जिसके तहत मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख दिए जाएंगे.