Jamshedpur News: शहर से सटे हरहरगुट्टू जगदीशपुर रोड की रहने वाली ज्योति अग्रवाल ने पहले ही प्रयास में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर परचम लहराया है. कठिन परीक्षा के दोनों ग्रुप में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपनी लगन और कड़ी मेहनत का प्रमाण दिया है. ज्योति ने अपनी कामयाबी का श्रेय नियमित अध्ययन, प्रतिदिन सात से आठ घंटे की तैयारी और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया.
ज्योति ने सरस्वती शिशु मंदिर बागबेड़ा से दसवीं और जमशेदपुर महिला कॉलेज से बारहवीं की शिक्षा पूर्ण की. इसके बाद उन्होंने को ऑपरेटिव कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की. परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने देश के प्रतिष्ठित सीए प्रशिक्षण संस्थानों से ऑनलाइन कोचिंग भी ली. उनका कहना है कि निरंतर अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया.
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए ज्योति ने अपने माता पिता व्यवसायी गणेश भालोटिया और गृहिणी संगीता भालोटिया का आभार जताया. उन्होंने कहा कि परिवार के समर्थन ने हर चुनौती को आसान बना दिया. उन्होंने बताया कि वह शुरुआत में नौकरी कर अनुभव हासिल करेंगी और बाद में अपना व्यवसाय शुरू करने की योजना है. उधर ज्योति के माता पिता ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी की शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी और आज उसका परिणाम सामने है.
ज्योति अग्रवाल की सफलता पर शहर की धार्मिक संस्था महासर माता परिवार जमशेदपुर ने उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है.
ज्योति की उपलब्धि प्रतिभाशाली युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. सीमित संसाधनों के बीच अनुशासन और धैर्य के सहारे सफलता पाने की उनकी कहानी दिखाती है कि अवसर सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं बल्कि मेहनत करने वाले हर युवाओं के लिए रास्ते खुले हैं. यह उदाहरण बताता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन कोचिंग के दौर में प्रतिभा को परवाज देने के विकल्प बढ़े हैं. ज्योति की सोच कि नौकरी के बाद खुद का व्यवसाय करेंगी, यह भी दर्शाता है कि नए दौर के युवा रोजगार पाने के साथ रोजगार देने का सपना रखते हैं.