Saraikela: सरायकेला-खरसावाँ जिले में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुुझार मांझी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं के गुणवत्तापूर्ण संचालन और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों और मानव बल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच शिविर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, पोषण अभियान और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और लोक-प्रदर्शन सूचकांक में पिछड़ रहे उप केंद्रों को चिन्हित कर वहां शत-प्रतिशत योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना निर्धारित कर प्रभावी रूप से कार्यान्वित करें।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं सीधे जनता के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।