Jamshedpur News: धनतेरस के मौके पर शनिवार को जमशेदपुर के बाजारों में खरीदारी का माहौल गुलजार रहा. लोग सुबह से ही बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, आभूषण और वाहनों की दुकानों में बड़ी संख्या में पहुंचे. सबसे अधिक भीड़ बर्तन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स और गहनों की दुकानों के साथ कार और बाइक शोरूम्स में देखी गई. घर सजाने के सामान पर भी ग्राहकों की कतारें लंबी रहीं.
इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम्स में एलईडी टीवी, मोबाइल और लैपटॉप की मांग सबसे अधिक रही. बड़े साइज के फ्रिज और वाशिंग मशीन की डिमांड भी अच्छी रही. आभूषण की दुकानों में हल्के वजन के सोने और चांदी के गहनों की बिक्री ज्यादा रही. 14 से 22 कैरेट तक के गहनों की मांग देखी गई. मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सोना और चांदी की कुल बिक्री के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 52 किलो सोना और 110 किलो चांदी की बिक्री हुई.
वाहन शोरूम्स में पहले से बुकिंग कराए लोगों को डिलीवरी दी जा रही थी. जमशेदपुर में धनतेरस के दिन एक ही दिन में 720 कारों और 5500 दुर्वहया वाहनों की डिलीवरी की गई. साकची और विष्टूपुर के बर्तन बाजारों में दोपहर बाद से भारी भीड़ उमड़ी. स्टेनलेस स्टील के बर्तनों की डिमांड ज्यादा रही जबकि कांसा और पीतल के बर्तन भी ग्राहकों की पसंद बने.
शोरूम संचालकों के अनुसार इस वर्ष कारों और वाहनों की बिक्री अच्छी रही. आभूषण दुकानों में ग्राहकों की भीड़ सुबह से रात तक बनी रही. दुकानों पर ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार हल्के वजन के गहनों, अंगूठियां और मंगलसूत्र अधिक खरीदे गए.
धनतेरस पर जमशेदपुर में बाजारों में भारी भीड़ और खरीदारी ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को उत्साहजनक संकेत दिया है. इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन और आभूषण जैसे बड़े उत्पादों की अच्छी बिक्री यह दिखाती है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ता खर्च में बढ़ोतरी हो रही है. बर्तन और सजावट के सामान की मांग से यह भी साफ है कि लोग पारंपरिक और सांस्कृतिक खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की खरीदारी स्थानीय व्यापारियों के लिए लाभदायक होती है और पूरे शहर में व्यापारिक गतिविधियों को गति देती है.