Ranchi News: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने छापेमारी की. रांची एसडीओ के निर्देश पर पुलिस और कोटपा की टीम ने 11 रेस्टोरेंट में अवैध हुक्का बार चलाए जाने की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हुक्का बार में उपयोग होने वाले नशीले पदार्थ जब्त किए गए. अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा था. अचानक पुलिस और कोटपा की टीम के पहुंचने से रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया. वहां बड़ी संख्या में युवा हुक्का का मजा ले रहे थे. विभिन्न क्वालिटी के हुक्का प्रोडक्ट मौके से जब्त किए गए. हुक्का पी रहे और हुक्का बार चला रहे दोनों पर जुर्माना लगाया गया.
तफ्तीश में सामने आया कि रेस्टोरेंट में कम उम्र के छात्रों को भी हुक्का परोसा जा रहा था. इस संबंध में रेस्टोरेंट संचालक पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए. इसके अलावा रेस्टोरेंट में कैसिनो में खेले जाने वाले कार्ड भी बरामद किए गए. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
विशेषज्ञों का कहना है कि हुक्का और अन्य नशीले पदार्थ से दूर रहना ही सुरक्षित है. युवाओं को अपनी सेहत और भविष्य की चिंता करते हुए नशे से बचना चाहिए. समाज में नशा मुक्ति और जागरूकता फैलाना हर किसी की जिम्मेदारी है.