Jamshedpur: पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कदमा स्थित आवासीय कार्यालय में सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी कर जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परविंदर सिंह को फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय स्वागत योग्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि परविंदर सिंह अपने दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और पार्टी संगठन को और मजबूत बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि “जहां भी जरूरत होगी, मैं अभिभावक की भूमिका में साथ रहूंगा।”
इस मौके पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों, थाना अध्यक्षों और महिला कार्यकर्ताओं ने भी परविंदर सिंह को माला पहनाकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है और वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पार्टी के प्रति आपका स्नेह और मार्गदर्शन इसी तरह मिलता रहे, यही मेरी शक्ति है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.