Jamshedpur: जमशेदपुर का प्रतिष्ठित स्वदेशी मेला 2025 आगामी 8 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 8 अक्टूबर की शाम 5:30 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहेंगे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई दिग्गज लोग अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
स्वदेशी मेले का उद्देश्य भारतीय उद्योग, सेवाओं और पारंपरिक हस्तशिल्प के विकास एवं प्रोत्साहन के साथ वोकल फॉर लोकल की भावना को बढ़ावा देना है। मेला संयोजक अशोक गोयल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह मेला न केवल व्यापारिक दृष्टि से बल्कि भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं के प्रचार-प्रसार के लिए भी महत्वपूर्ण है।
मेले में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बंगाल, गुजरात, तमिलनाडु, बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों के उद्योगपति और हस्तशिल्पी अपने-अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। कुल 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, एमएसएमई, बांस उत्पाद, टेक्सटाइल, फूड इंडस्ट्री, आयुर्वेदिक चिकित्सा, हेल्थ सेक्टर, सर्विस सेक्टर, सोलर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स और खादी उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे।
इस वर्ष मेले में विशेष रूप से नेशनल एक्सचेंज स्टॉल की व्यवस्था की गई है, जिसमें विश्वविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, धार्मिक संगठनों और राष्ट्रीय संगठनों को भी निशुल्क स्टॉल प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था रहेगी, वहीं शहरवासियों के लिए आकर्षक फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहेगा और प्रवेश निःशुल्क होगा।
मेले में स्वदेशी विश्वविद्यालय का भी एक विशेष प्रकोष्ठ होगा, जहां भारतीय शिक्षा प्रणाली, उद्यमिता प्रोत्साहन, सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, योग, आयुर्वेद, कृषि नवाचार, विज्ञान और संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत, और नाट्य प्रस्तुतियाँ भी मुख्य आकर्षण रहेंगी।
प्रेस वार्ता में मेला संयोजक अशोक गोयल, स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय पर्यावरण प्रमुख वंदनकेश सिंह, राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज कुमार सिंह, सीआईएसएफ के संयोजक जयकुमार राउत, सह संयोजक अमित मिश्रा, अभिषेक सेनगुप्ता, अमिताभ सेनगुप्ता और राजलक्ष्मी साहू उपस्थित रहे।
मेले के आयोजक स्वदेशी जागरण मंच ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भारतीय परंपरा और आत्मनिर्भरता के इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।