Adityapur Breaking: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पकड़े गए तस्करों के पास से 207 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है.
जिले में बढ़ती मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुस्लिम बस्ती इलाके में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और मौके से तीन तस्करों शाहबाज खान, मोहम्मद समीर उर्फ आयान और रफीकुल इस्लाम को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से कुल 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर और एक लावा कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी शाहबाज खान के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से तीन मामले दर्ज हैं, जो यह साबित करता है कि वह एक सक्रिय और शातिर तस्कर है.
छापेमारी टीम में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के साथ आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की और पुलिस बल के कई जवान शामिल थे. पूरी कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और गुप्त सूचना तंत्र की सफलता का उदाहरण मानी जा रही है.
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी अभियान चलाए जाएंगे ताकि नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जा सके.
एसपी ने जनता से भी अपील की है कि नशे और अवैध गतिविधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस तक पहुंचाएं ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके. पुलिस का यह अभियान फिलहाल पूरे जिले में जारी है और आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है.