Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-10-01

International News: अमेरिका में सरकारी शटडाउन, 20 साल में 6 बार, पिछली बार 35 दिन चला था संकट

International News: अमेरिका एक बार फिर सरकारी शटडाउन की स्थिति में पहुंच गया है. सीनेट से समय पर फंडिंग पास न हो पाने की वजह से मंगलवार आधी रात से सरकार की गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं. यह कोई पहला मौका नहीं है, 1995 से अब तक अमेरिका में छह बार बड़ा शटडाउन हो चुका है. डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में ही तीन बार सरकार ठप पड़ी, जिनमें इतिहास का सबसे लंबा 35 दिन का शटडाउन भी शामिल है.

2018-19 में लगा यह शटडाउन 22 दिसंबर से शुरू होकर 25 जनवरी तक चला था और ट्रंप प्रशासन के दौरान ही इसे अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी कामबंदी माना गया. इससे पहले जनवरी 2018 में तीन दिन और फरवरी 2018 में एक दिन के लिए भी शटडाउन हुआ था.

क्लिंटन के दौर में 21 दिन का शटडाउन

डोनाल्ड ट्रंप से पहले यह रिकॉर्ड राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के नाम था. दिसंबर 1995 से जनवरी 1996 तक लगातार 21 दिनों तक सरकार का कामकाज ठप रहा था. उससे पहले नवंबर 1995 में भी पांच दिन का शटडाउन हुआ था. उस समय रिपब्लिकन पार्टी सदन और सीनेट दोनों पर नियंत्रण रखती थी और वह ऐसा बजट पास करना चाहती थी जिसमें मेडिकेयर खर्च पर अंकुश लगाने का प्रावधान शामिल था.

ओबामा सरकार को भी झेलना पड़ा संकट

बराक ओबामा के कार्यकाल में भी अक्टूबर 2013 में 16 दिनों का शटडाउन लगा था. उस समय ओबामा की स्वास्थ्य देखभाल नीति (हेल्थकेयर एक्ट) को लेकर टकराव इतना बढ़ा कि फंडिंग रुक गई और सरकार को अस्थायी तौर पर बंद करना पड़ा.

सबसे ज्यादा शटडाउन रीगन के समय

अगर सबसे अधिक शटडाउन की बात करें तो यह रिकॉर्ड राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के नाम है. 1980 के दशक में उनके दोनों कार्यकालों के दौरान कुल आठ बार शटडाउन हुए. हालांकि, ये सभी कम समय के लिए रहे और सबसे लंबा फंडिंग गैप सिर्फ तीन दिन का था.

1981 से अब तक 16 बार शटडाउन

अमेरिका में 1981 से अब तक कुल 16 बार शटडाउन हो चुके हैं. इनमें 1981 का दो दिन का, 1982 के एक और तीन दिन के, 1983 का तीन दिन, 1984 के दो और एक दिन के, 1986 का एक दिन, 1987 का एक दिन, 1990 का तीन दिन, 1995 का पांच और 21 दिन का, 2013 का 16 दिन का, 2018 का तीन और एक दिन का, और 2018-19 का 35 दिन का बड़ा शटडाउन शामिल है.

किन सेवाओं पर पड़ेगा असर

इस बार के शटडाउन का असर भी व्यापक होगा. व्हाइट हाउस के बजट प्रबंधन कार्यालय (OMB) ने सभी एजेंसियों को व्यवस्थित तरीके से कामकाज बंद करने का निर्देश जारी कर दिया है. इसका सीधा असर लाखों संघीय कर्मचारियों पर पड़ेगा जिन्हें मजबूरन छुट्टी पर जाना पड़ सकता है.

हालांकि हवाई यातायात नियंत्रण, सीमा सुरक्षा और सैन्य अभियान जैसी आवश्यक सेवाएं सीमित कर्मचारियों के साथ जारी रहेंगीं. इसके अलावा राष्ट्रीय उद्यान और म्यूजियम बंद हो जाएंगे और संघीय कर्मचारियों को तब तक वेतन नहीं मिलेगा जब तक नई फंडिंग मंजूर नहीं हो जाती.

कितने दिन चलेगा संकट?

फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि मौजूदा शटडाउन कितने दिन तक जारी रहेगा. ओएमबी ने एजेंसियों को केवल इतना निर्देश दिया है कि वे हालात पर नजर रखें और आगे के आदेशों का इंतजार करें. अमेरिका में शटडाउन अब एक तरह से बार-बार लौटने वाली समस्या बन चुका है, जिसका खामियाजा सीधे आम कर्मचारियों और नागरिक सेवाओं को भुगतना पड़ता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !