Jharkhand Breaking: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड राज्य के पुलिस, कक्षपाल और सिपाही (गृह रक्षा वाहिनी) के लिए निर्धारित झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द करने का फैसला किया है. यह निर्णय गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड के संकल्प संख्या-3433, दिनांक 28.08.2025 के तहत लिया गया है.
अधिसूचना के अनुसार, पहले से प्रकाशित विज्ञापन संख्या-17/2023 को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है और अब नए झारखंड राज्य पुलिस, कक्षपाल एवं सिपाही संयुक्त भर्ती नियमावली-2025 के तहत भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी.
पूर्व में परीक्षा के लिए शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों को राहत दी गई है. उन्हें भविष्य में होने वाली प्रथम संयुक्त भर्ती परीक्षा में कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा. आयोग ने आवेदन प्रक्रिया में इसके लिए अलग विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही है.
इसके अलावा, सभी कोटियों के उम्मीदवारों को निर्धारित अधिकतम उम्र सीमा में अतिरिक्त छुट दी जाएगी. अधिकतम उम्र की गणना की संदर्भ तिथि 01.08.2019 को रखा जाएगा, जैसा कि पहले विज्ञापन संख्या-17/2023 में दिया गया था.
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब नई संयुक्त भर्ती नियमावली के तहत ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी और पहले की प्रकाशित विज्ञप्ति पूरी तरह रद्द मानी जाएगी.