Jamshedpur: स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुँचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सिंह मेडिट्रस्ट ट्रस्ट की ओर से रविवार को जमशेदपुर के मानगो में स्थित डायगुट्टू क्षेत्र में फ्री मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस नि:शुल्क शिविर में आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य जांच भी कराई।
जांच में उपलब्ध सुविधाएं
इस मेगा हेल्थ कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कैंप में ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, ईसीजी, बीएमआई, नेत्र परीक्षण, महिला स्वास्थ्य संबंधी जांच और सामान्य रोगों की जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा गंभीर बीमारियों की पहचान के लिए परामर्श भी दिया गया।
मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गई
जांच के साथ-साथ ट्रस्ट की ओर से ज़रूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं। वहीं जिन मरीजों में गंभीर समस्या पाई गई, उन्हें अस्पतालों में आगे की जांच और इलाज के लिए रेफर करने की व्यवस्था की गई।
सुबह से कैंप पर भीड़
सुबह से ही कैंप स्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। खासकर बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में जांच कराने पहुँचीं। कई लोगों ने यह भी कहा कि महंगी जांच और डॉक्टर की फीस की वजह से वह अस्पताल नहीं जा पाते थे, लेकिन इस तरह के मुफ्त स्वास्थ्य शिविर उनके लिए वरदान साबित होते हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए स्वास्थ कैंप
सिंह मेडिट्रस्ट ट्रस्ट के गिरीश सिंह ने बताया कि उनका मकसद समाज के उन वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और समय पर जांच और इलाज नहीं करवा पाते है। ट्रस्ट ने आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से लगाने का आश्वासन दिया।