Jharkhand Weather Update: एक बार फिर झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में 25 सितंबर तक बादल छाए रहेंगे. इसके साथ ही हल्की से माध्यम बारिश भी हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा बन रहा लो प्रेशर
बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में 25 सितंबर को निम्न दबाव क्षेत्र यानी लो प्रेशर बनने की संभावना है. वहीं अभी इसकी दिशा भुवनेश्वर और पुरी की ओर है, मगर झारखंड पर भी इससे उत्पन्न नमी का असर होगा. इस वजह से राज्य के कई हिस्सों में 26 से 29 सितंबर तक रुक रुककर बारिश होने की संभावना है.
सूबे की राजधानी रांची में 25 सितंबर तक बादल छाए रहेंगे. इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी है. वहीं बादल और बारिश की कमी के कारण हल्की गर्मी और उमस का एहसास भी हो सकता है. जानकारी के अनुसार 22 सितंबर के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है.
शुक्रवार को देवघर में हुई सबसे अधिक बारिश
बताते चलें कि देवघर में शुक्रवार को सबसे अधिक 40.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं मेदिनीनगर में 13.6 और बोकारो में 1.4 मिमी बारिश हुई. साथ ही कांके में पिछले 24 घंटे में 80.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
आपको बता दें कि सूबे में मानसून की अवधि सामान्यतः 1 जून से 30 सितंबर तक की होती है. वहीं इस साल 1 जून से 19 सितंबर तक 1128.1 मिमी बारिश हो चुकी है. यह सामान्य से 19 फीसदी अधिक है. वहीं सितंबर माह में अब तक 117.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत से 23 फीसदी कम है.
मौसम का यह बदलाव दुर्गा पूजा के दौरान लोगों की तैयारियों में असर डाल सकता है. वहीं मौसम विभाग का कहना है कि लो प्रेशर की गहराई का सही आकलन 1 से 2 दिनों के बाद ही होगा.