Jamshedpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने जमशेदपुर में स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत की। यह विशेष अभियान आज 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक चलेगा। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने संयुक्त रूप से सैकड़ों सफाई कर्मियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सफाई कर्मियों ने ली शपथ, 57 स्थान चिह्नित
स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत के दौरान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और मानगो नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मियों को स्वच्छता को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जमशेदपुर में 40 और मानगो में 17 स्थानों को चिह्नित किया है, जहाँ विशेष सफाई की आवश्यकता है।
इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के उन इलाकों पर ध्यान केंद्रित करना है, जहाँ नियमित सफाई नहीं होती या जहाँ लोग कचरा फेंकते हैं। इन चिह्नित जगहों पर सफाई करवाने के साथ-साथ पेंटिंग और पौधारोपण भी किया जाएगा, ताकि वे स्थान सुंदर और स्वच्छ बन सकें।
जनजागरूकता और फूलों की रीसाइक्लिंग अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनूठी पहल की गई है, जिसके तहत सफाई कर्मियों से केक कटवाकर स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।
अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम
इसके साथ ही, नगर निगम ने पुष्प अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। शहर के मंदिरों और पूजा पंडालों से निकलने वाले फूलों को इकट्ठा किया जाएगा। इस काम के लिए 10 विशेष वाहनों को पूरे शहर में रवाना किया गया है। इन वाहनों में एकत्रित किए गए फूलों को रीसाइक्लिंग कर खाद (कम्पोस्ट) का निर्माण किया जाएगा। यह पहल न केवल शहर को स्वच्छ रखेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। इस व्यापक अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन शहरवासियों से स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील कर रहा है।