Meta Description
Jamshedpur: एमजीएम थाना अंतर्गत रूहीडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) ज्योति महतो की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी कथित पति और लिव-इन पार्टनर विजय मोहन सिंह को पुलिस ने शनिवार को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया. आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लाया गया था. पूछताछ के दौरान उसने अपने अपराध को स्वीकार किया था.
हत्या की पृष्ठभूमि
मामले का उद्भेदन करते हुए ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि ज्योति महतो के भाई प्रेम प्रकाश महतो के फर्दबयान पर 18 अप्रैल को एमजीएम थाना में एक मामला दर्ज किया गया था. घटना के दिन आरोपी विजय मोहन सिंह ने वैक्सिनेशन रूम में गैंते के नुकिले भाग से तीन-चार बार सिर पर वार कर ज्योति को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद उन्हें टीएमएच से रांची के मेडिका अस्पताल रेफर किया गया, जहां 23 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई थी. बचने के लिए आरोपी ने हमले की झूठी कहानी बनाई थी.
आरोपी ने अपनी संलिप्ता स्वीकारी
विजय मोहन सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 से वह ज्योति महतो के साथ रह रहा था. दोनों ने मंदिर में शादी की थी, हालांकि इसका कोई दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध नहीं है. हाल के दिनों में ज्योति के किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर लगातार बात करने से वह संदेह और मानसिक तनाव में था. इसी कारण 18 अप्रैल की सुबह वैक्सिनेशन रूम में झगड़े के दौरान उसने गैंते से वार कर दिया था. पुलिस ने दो दिनों तक आरोपी से पूछताछ की और शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.