Giridih Cyber Fraud: गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित नावाडीह गांव के समीप डंगाल इलाके में संचालित साइबर ठगी के गोरखधंधे का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त एक गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को गिरिडीह साइबर थाना की टीम ने छापामारी कर दो साइबर अपराधियों को मौके से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार मंडल (उम्र 19 वर्ष) पिता कैलाश मंडल एवं मिथुन कुमार मंडल (उम्र 19 वर्ष) पिता राजू मंडल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना अंतर्गत खिजुरियाटाड़ गांव के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आम लोगों को Delhi Jal Board Update.apk, Electricity Bill Update.apk, NDMC Bill Update.apk जैसे फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन भेजते थे। इन एप्स को डाउनलोड करने के बाद पीड़ितों का मोबाइल हैक हो जाता था और उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाए जाते थे।
पुलिस ने उनके पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल नंबरों पर अब तक कुल 7 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
इस घटना के संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 27/2025, दिनांक 18 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व साइबर क्राइम के डीएसपी आबिद खाँ ने किया। उनके साथ साइबर थाना प्रभारी अजय कुमार, पु.नि. गुंजन कुमार, सअनि गजेन्द्र कुमार, अहिल्यापुर व गांडेय थाना प्रभारी समेत पुलिस लाइन से प्राप्त सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।