Dhanbad News: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को धनबाद पहुंचे. उनके दौरे को लेकर सुबह से ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में रही. राज्यपाल करीब 11 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर उतरे. यहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.
अधिकारियों ने किया स्वागत
एयरपोर्ट पर SSP प्रभात कुमार, DDС सन्नी राज, सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण SP एस. मोहम्मद याकूब समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने राज्यपाल को बुके देकर स्वागत किया. इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से IIT-ISM के लिए रवाना हुए. वे यहां गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में होने वाले अलग-अलग कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.
एयरपोर्ट से IIT-ISM तक सुरक्षा कड़ी
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए पूरे रूट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. एयरपोर्ट से IIT-ISM तक पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई. प्रमुख चौक-चौराहों और कारकेड रूट पर निगरानी रखी गई. यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग टीम भी लगातार गश्त करती रही. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रूट पर चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस भी तैयार रखी गई थी. प्रशासन की ओर से राज्यपाल के पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई.