Potka News: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुलडीहा मुख्य पथ से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक बन रही PCC सड़क की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं. पार्टी नेताओं ने निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है. कांग्रेस जिला सचिव जयराम हांसदा के नेतृत्व में सुबोध सिंह सरदार और गोविंदा महली ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति को लेकर कई आपत्तियां सामने रखी गईं.
ढलाई के कुछ दिन बाद ही दिखने लगी दरार
जयराम हांसदा ने आरोप लगाया कि सड़क की ढलाई होने के तीन-चार दिन बाद ही कई जगह दरारें नजर आने लगी हैं. कुछ हिस्सों में गिट्टी भी बाहर दिखाई दे रही है. उन्होंने सड़क की सतह से सीमेंट का डस्ट उड़ने का भी दावा किया. इसे लेकर उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल हो रहे सीमेंट की गुणवत्ता और मात्रा पर सवाल उठाया.
सड़क की मोटाई को लेकर भी सवाल
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, निर्माणाधीन सड़क की PCC ढलाई कहीं चार इंच, कहीं छह इंच और कहीं आठ इंच मोटी दिखाई दे रही है. जयराम हांसदा ने कहा कि विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि स्वीकृत प्राक्कलन में PCC ढलाई की निर्धारित मोटाई कितनी तय की गई है.
श्रेया कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने सड़क निर्माण की विभागीय स्तर पर जांच कराने की मांग की है. पार्टी नेताओं का कहना है कि जांच में अगर निर्माण में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित एजेंसी श्रेया कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े इस मामले को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के समक्ष भी रखा जाएगा.