Ranchi: NDA और CDS परीक्षा को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. 13 सितंबर को होने वाली परीक्षा के दौरान सभी 21 केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी. यह प्रतिबंध सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा. अनुमंडल दंडाधिकारी सदर, रांची कुमार रजत ने BNSS की धारा 163 के तहत इसका आदेश जारी किया है.
इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जुटने पर रोक रहेगी. इसके अलावा लाउडस्पीकर बजाने, हथियार लेकर चलने और किसी तरह की बैठक या सभा करने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि सरकारी काम में लगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इस आदेश से छूट दी गई है.
सभी केंद्रों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सभी 21 केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं. यह व्यवस्था उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन के संयुक्त आदेश पर की गई है.
इन जगहों पर बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
NDA और CDS परीक्षा के लिए सेंट्रल एकेडमी बरियातू, संत अलोइस हाई स्कूल, संत अन्ना स्कूल, उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, गोस्सनर हाई स्कूल और फिरायालाल पब्लिक स्कूल को केंद्र बनाया गया है. इसके अलावा संत पॉल कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर, निर्मला कॉलेज, जेएमजे हाई स्कूल और अनिता गर्ल्स हाई स्कूल में भी परीक्षा होगी. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर धुर्वा, राजकीय +2 हाई स्कूल कांके सेमरटोली और विवेकानंद विद्या मंदिर धुर्वा समेत कुल 21 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी.