Akshay Kumar Haiwan Movie:अक्षय कुमार के जन्मदिन पर बॉलीवुड से एक ऐसा सरप्राइज आया है, जिसने उनकी नई फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. अक्षय ने "हैवान" का नया वीडियो जारी किया है. कुछ सेकेंड के इस वीडियो में उनका अंदाज पहले से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. चेहरे के भाव और रहस्यमयी किरदार ने कहानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि वीडियो में सैफ अली खान की भी झलक मिलती है, यानी करीब 19 साल बाद दोनों की जोड़ी फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है.
अक्षय ने कहानी को लेकर दिया इशारा
अक्षय ने वीडियो शेयर करते हुए फिल्म की कहानी को लेकर एक खास संकेत दिया. उन्होंने कहा कि जो चीज देखने में बुरी लगती है, जरूरी नहीं कि वह सच में बुरी हो. इसी तरह जो चीज अच्छी दिखाई देती है, वह हमेशा अच्छी हो, यह भी जरूरी नहीं है. अक्षय ने कहा कि शायद फिल्म के दौरान उन्हें भी यही बात सीखने को मिली. उन्होंने फैंस से यह भी कहा कि इस शुक्रवार उनका एक ऐसा रूप सामने आने वाला है, जिसे पहले कभी नहीं देखा गया.
19 साल बाद साथ नजर आएंगे अक्षय और सैफ
"हैवान" की एक खास बात अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी भी है. दोनों अभिनेता लंबे समय बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे. अक्षय और सैफ इससे पहले साल 2008 में आई फिल्म टशन में साथ काम कर चुके हैं. अब करीब 19 साल बाद दोनों की जोड़ी फिर से देखने को मिलेगी. इस वजह से फिल्म को लेकर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है.
11 सितंबर को रिलीज होगी "हैवान"
"हैवान" का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है. फिल्म को थ्रिलर ड्रामा बताया जा रहा है. इसका निर्माण वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई ने किया है. फिल्म केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले बनी है."हैवान" 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिलहाल फिल्म की कहानी को लेकर रहस्य बना हुआ है. अब फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि अक्षय कुमार का यह नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है.