Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-09

Chatra News: चतरा में दुष्कर्म के आरोप पर ग्रामीणों का हंगामा, आरोपी को घर में किया बंद, पुलिस पर पथराव में थाना प्रभारी घायल

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले में रविवार को कथित  दुष्कर्म के एक आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ. मामला टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव का है. बताया जा रहा है कि कामता गांव के शहबाज अंसारी पर एक आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और मारपीट के बाद एक घर के अंदर बंद कर दिया. कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. भीड़ आरोपी को खुद सजा देने पर उतारू थी.

आरोपी को घर में बंद करने के बाद बढ़ा हंगामा
ग्रामीणों की भीड़ ने जिस घर में आरोपी को बंद किया था, उसे घेर लिया. इसके बाद कुछ लोगों ने मकान की एस्बेस्टस की छत तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की. मामले की जानकारी मिलने पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे. पुलिस आरोपी और पीड़िता को वहां से निकालने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरातफरी मच गई.

पथराव में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
पथराव के दौरान थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर में पत्थर लगा. उन्हें गंभीर चोट आई है. इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी है. हालात लगातार बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए बल प्रयोग किया. स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. इसके बाद पुलिस आरोपी को भीड़ से निकालकर हिरासत में ले सकी.

घायल थाना प्रभारी अस्पताल में भर्ती
चोट लगने के बाद थाना प्रभारी पप्पू शर्मा को एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही चतरा एसपी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी भी सिदपा गांव पहुंचे. उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी गांव पहुंचा. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

दो अन्य लोगों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस अब दुष्कर्म के आरोप की जांच कर रही है. मामले की जांच कानूनी और वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के साथ बताए जा रहे दो अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस पर पथराव और हंगामा करने वालों की भी पहचान की जा रही है. ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. हालांकि तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती जारी है.प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा गया है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !