FJCCI Election 2026: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज यानी FJCCI के चुनाव को लेकर कारोबारी संगठनों में हलचल बढ़ गई है. चुनाव में तीन प्रमुख गुट अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में हैं. FJCCI के कुल 4,214 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें रांची से ही 3,626 से ज्यादा वोटर हैं. यही आंकड़ा चुनावी मुकाबले में राजधानी को सबसे अहम बना रहा है.
बाजारों में बढ़ा संपर्क अभियान
उम्मीदवार लगातार व्यापारियों के बीच पहुंच रहे हैं. अपर बाजार, मेन रोड, कांके, रातू रोड और पंडरा जैसे प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों में बैठकें और जनसंपर्क अभियान चल रहे हैं. प्रत्याशी व्यापारियों के सामने अपनी प्राथमिकताएं रख रहे हैं और समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं.
टीम मुकेश ने व्यापारियों की रोजमर्रा की परेशानियों को अपने अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया है. गुट की ओर से कारोबार से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं और समस्याओं को मजबूती से उठाने का दावा किया जा रहा है.
तुलसी पटेल ने जिलों में बढ़ाया संपर्क
टीम तुलसी ने राजधानी के साथ दूसरे जिलों में भी अपनी पहुंच बढ़ाई है. अध्यक्ष पद के उम्मीदवार तुलसी पटेल ने रामगढ़, सिंहभूम और चाईबासा चैंबर के पदाधिकारियों से मुलाकात कर समर्थन मांगा.
P-21 टीम ने की पदयात्रा
वहीं P-21 टीम भी चुनाव प्रचार में सक्रिय है. टीम के सदस्यों ने रातू रोड, कोकर और चर्च कॉम्प्लेक्स इलाके में पदयात्रा कर व्यापारियों से सीधे संवाद किया. चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ वरिष्ठ कारोबारी और पूर्व चैंबर पदाधिकारियों की सक्रियता भी बढ़ी है. अलग-अलग गुटों के साथ उनकी मौजूदगी ने FJCCI चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है.