Stock Market Opening: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. सोमवार सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 113 अंक टूटकर 76,410 पर पहुंच गया. निफ्टी भी 42 अंक की कमजोरी के साथ 23,861 पर कारोबार कर रहा था. शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा दबाव IT और मीडिया शेयरों पर नजर आया. निफ्टी मीडिया और निफ्टी IT प्रमुख कमजोर सेक्टर रहे.
फार्मा और डिफेंस शेयरों में खरीदारी
बाजार के ज्यादातर सेक्टर लाल निशान में रहे. रियल्टी, मेटल, ऑटो, FMCG, ऑयल एंड गैस और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में भी कमजोरी दिखी. हालांकि, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी फार्मा हरे निशान में कारोबार कर रहे थे. सेंसेक्स के प्रमुख बढ़ने वाले शेयरों में इटरनल, BEL, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, L&T, ट्रेंट, सन फार्मा और टाइटन शामिल रहे. वहीं, Infosys, Tech Mahindra, HCL Tech, Tata Steel, Indigo, Axis Bank, Kotak Mahindra Bank, Power Grid, HUL, Asian Paints, UltraTech Cement, NTPC और HDFC Bank दबाव में रहे.
मिडकैप-स्मॉलकैप में भी कमजोरी
शुरुआती कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी लाल निशान में रहे. निफ्टी मिडकैप 100 करीब 146 अंक यानी 0.23 प्रतिशत गिरकर 62,932 पर पहुंच गया. निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 19 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 20,078 पर कारोबार कर रहा था.
एशिया के प्रमुख बाजारों में भी तस्वीर एक जैसी नहीं रही. टोक्यो, बैंकॉक, ताइपे, सोल और जकार्ता में तेजी दिखी, जबकि शंघाई और हांगकांग कमजोर रहे. इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे. डाओ जोन्स 0.51 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स 0.29 प्रतिशत नीचे रहा.
अमेरिकी जॉब डेटा से बढ़ी ब्याज दर की चिंता
बाजार में दबाव की एक बड़ी वजह अमेरिका से आया जॉब डेटा माना जा रहा है. जानकारों के मुताबिक, यह आंकड़ा अनुमान से करीब तीन गुना ज्यादा रहा. इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर चिंता बढ़ी है. ब्याज दर बढ़ने की संभावना को आमतौर पर शेयर बाजार के लिए नकारात्मक संकेत माना जाता है.