Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं समेत छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, टीकापट्टी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक कार से 2 किलो 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. जब्त नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को ब्राउन शुगर की बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी. इसके बाद SSP डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर SDPO धमदाहा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर टीकापट्टी थाना क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू की. इसी दौरान देर रात करीब साढ़े 12 बजे एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई.

कार से बरामद हुई नशे की खेप
तलाशी के दौरान कार में सवार चार महिलाओं और दो पुरुषों के पास से कुल 2 किलो 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने का दावा पुलिस ने किया. इसके बाद पुलिस ने नशीला पदार्थ और कार को जब्त कर लिया. सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया.
चार करोड़ से ज्यादा की कीमत, नेटवर्क की जांच जारी
पूर्णिया के ASP आलोक रंजन के मुताबिक, बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक है. पुलिस इसे नशे की बड़ी खेप मान रही है. ASP ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस अब उनके पुराने मामलों और गिरोह से जुड़े कनेक्शन की जांच कर रही है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों का किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से संबंध है या नहीं.