• 2025-07-10

Saraikela Heavy Rain Alert: सरायकेला मे लगातार बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

सरायकेला-खरसावां : जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। खरकाई और स्वर्णरेखा नदी दोनों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है।
खरकाई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल के समीप खतरे के निशान 129 मीटर को पार करते हुए 129.96 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं स्वर्णरेखा नदी मांगो पुल के समीप खतरे के निशान 121.50 मीटर के करीब पहुंचते हुए 120.64 मीटर दर्ज किया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों के निवासियों और आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक न होने पर नदियों के किनारे नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

प्रशासन ने बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल राहत और सहायता पहुंचाई जा सके।