MP Illicit Liquor Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा इलाके में शराब पीने के बाद 9 लोगों की मौत हो गई. घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. रविवार सुबह चार गांवों में कई लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी. उन्हें उल्टी, सिरदर्द और बुखार की शिकायत हुई. इसके बाद लोगों को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया.
चार गांवों में बिगड़ी लोगों की तबीयत
यह मामला घूघर, नौराज, गूगरा खुर्द और बराज गांव से सामने आया है. जानकारी के अनुसार शनिवार रात कुछ लोगों ने शराब पी थी. अगली सुबह कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से गांवों में हड़कंप मच गया. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई.
स्वास्थ्य विभागों की टीमों ने गांवों में घर-घर जाकर कर रही जांच
प्रभारी CMHO डॉ. देवेश पटेरिया ने 9 मौतों की पुष्टि की है. गंभीर हालत वाले कुछ मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजा गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंच गई हैं. टीमें घर घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों की नजर उन लोगों पर भी है जिन्होंने हाल में शराब पी थी.
जहरीली शराब की आशंका, वजह अभी साफ नहीं
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मौतों के पीछे जहरीली शराब की आशंका जताई है. हालांकि अभी मौत की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है. प्रशासन ने हाल में शराब पीने वाले लोगों से तुरंत मेडिकल जांच कराने को कहा है.
घटना की जानकारी के बाद कलेक्टर और एसपी गांव पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने इलाके की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया है. इन दुकानों से शराब के सैंपल लिए गए हैं. सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की जांच और शराब के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है. मौतों की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.