Bokaro News: सेक्टर-6 स्थित डेली मार्केट में रविवार सुबह अचानक आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गईं। सुबह करीब 6 बजे हुई इस घटना में 7 से 8 दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है, हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है।
दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण हालात पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई दुकानदारों को अपनी दुकानों से सामान निकालने का अवसर तक नहीं मिला।
कड़ी मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग को नियंत्रित कर लिया। घटना की सूचना पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल पर जुटी भीड़ को नियंत्रित किया।
मिठाई, सैलून समेत कई दुकानें आग की चपेट में
आग से प्रभावित दुकानों में मिठाई की दुकान, पूजा सिटी गोल्ड, सैलून, दुर्गा ग्लास और विशन सेंटर समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा प्रसाद मिठाई दुकान से जुड़ी तीन दुकानों के भी आग की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
दुकानों के भीतर रखा सामान पूरी तरह जल जाने से कई व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।
विश्वकर्मा पूजा के लिए मंगाया गया था सामान
घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुकानदारों ने बताया कि आग लगने के समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे। सूचना मिलने के बाद वे तत्काल बाजार पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
व्यापारियों के मुताबिक विश्वकर्मा पूजा नजदीक होने के कारण दुकानों में ग्राहकों के ऑर्डर से जुड़ा काफी सामान पहले से मंगाकर रखा गया था। आग में यह सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
एक पीड़ित दुकानदार ने बताया कि दुकान में रखे 10 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। कई दुकानदारों ने कहा कि वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया उनका कारोबार कुछ ही समय में तबाह हो गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, लेकिन प्रशासन या अग्निशमन विभाग की ओर से आग के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।