Ranchi Railway News: राजधानी रांची से देश के बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेनों की कमी यात्रियों के लिए परेशानी बन रही है. सूरत, इंदौर, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को कई बार दूसरे शहरों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है. सूरत जाने के लिए मालदा-सूरत एक्सप्रेस सप्ताह में सिर्फ एक दिन रांची होकर चलती है. बाकी दिनों में यात्रियों को जमशेदपुर जाकर ट्रेन पकड़ने का विकल्प तलाशना पड़ता है.
इंदौर जाने के लिए पतरातू का सहारा
इंदौर के लिए रांची से सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है. ऐसे में यात्रियों को पहले पतरातू जाना पड़ता है और वहां से ट्रेन लेकर इंदौर की यात्रा करनी होती है.
मुंबई और बेंगलुरु के लिए भी सीमित विकल्प
मुंबई के लिए भी रांची से सीधी ट्रेन सेवा सीमित है. गया-एलटीटी ट्रेन सप्ताह में एक दिन रांची होकर चलती है. बेंगलुरु के लिए हटिया से कुछ ट्रेनें सप्ताह में एक या दो दिन चलती हैं. रोजाना सीधी सेवा नहीं होने के कारण बाकी दिनों में यात्रियों को दूसरे रूट तलाशने पड़ते हैं.
रेलवे मुख्यालय भेजा गया नई ट्रेन का प्रस्ताव
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रांची रेल मंडल ने वेल्लोर के रास्ते बेंगलुरु के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजा है. प्रस्ताव पर अभी विचार चल रहा है. रेलवे से मंजूरी मिलने पर रांची और आसपास के यात्रियों को बेंगलुरु जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है.