Ranchi News: चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े म्यूचुअल फंड निवेश मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके परिवार के तीन सदस्यों से पूछताछ की। तीसरे समन के बाद एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, भाई विश्व विजय सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह ईडी कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने तीनों से उनके नाम पर किए गए निवेश और उसमें इस्तेमाल रकम के स्रोत को लेकर जानकारी मांगी।
निवेश और पैसों के स्रोत पर पूछे गए सवाल
पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने निवेश की रकम, उसके स्रोत और संबंधित वित्तीय लेनदेन से जुड़े सवाल किए। बताया गया कि कई सवालों के जवाब में तीनों ने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी याद नहीं है और बाद में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
आरती सिंह ने पूछे गए कई सवालों के जवाब में कथित तौर पर कहा कि इन मामलों की जानकारी उनके पति एलबी सिंह को है। इससे पहले ईडी तीनों को दो बार समन जारी कर चुकी थी, लेकिन वे पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए थे। उन्होंने अलग-अलग कारण बताते हुए अतिरिक्त समय मांगा था।
160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश पर कार्रवाई
कोयला घोटाले की जांच के दौरान ईडी ने दूसरे चरण की छापेमारी के बाद करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया था। इसमें एलबी सिंह से संबंधित करीब 60 करोड़ रुपये का फंड भी शामिल बताया गया है। इसके अलावा आरती सिंह के नाम पर करीब 26 लाख रुपये के निवेश को भी फ्रीज किया गया है।
फ्रीज फंड रिलीज कराने हाईकोर्ट पहुंचे एलबी सिंह और आरती सिंह
ईडी की कार्रवाई के बाद आरती सिंह और एलबी सिंह से जुड़ी कंपनी की ओर से झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिकाओं में फ्रीज किए गए म्यूचुअल फंड को रिलीज करने की मांग की गई है। मामले की सुनवाई के दौरान झारखंड हाईकोर्ट ने ईडी से इन याचिकाओं पर जवाब मांगा है। अब ईडी की जांच और हाईकोर्ट में चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़े मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।