Dhanbad News: BCCL के अग्नि प्रभावित और डेंजर जोन में भू-धंसान की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। केंदुआडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह पांडे बस्ती में धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग के पास गुरुवार देर शाम अचानक जमीन धंस गई। इसके बाद खाली जमीन पर दो बड़े गोफ बन गए। गोफ से गैस निकलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।
BCCL ने मौके पर पहुंचकर कराई घेराबंदी
घटना की जानकारी मिलने के बाद BCCL प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित हिस्से को चारों तरफ से फेंसिंग कर सुरक्षित किया। घेराबंदी का उद्देश्य लोगों और मवेशियों को धंसी हुई जमीन के आसपास जाने से रोकना था। अधिकारियों की निगरानी में शुक्रवार को दोनों गोफ की भराई का काम शुरू कर दिया गया। BCCL की टीम ने प्रभावित स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी।
आबादी के पास भू-धंसान पर झामुमो नेता ने जताई चिंता
घटना को लेकर झामुमो नेता महादेव हांसदा ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आबादी के नजदीक इस तरह जमीन धंसना गंभीर खतरे का संकेत है। उन्होंने BCCL प्रबंधन से अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को जल्द सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित करने की मांग की।
कुर्मीडीह के प्रभावित लोगों के पुनर्वास का सर्वे पूरा
BCCL अधिकारी लव प्रताप सिंह ने बताया कि भू-धंसान की घटना खाली जमीन पर हुई है और दोनों गोफ को भरने का काम तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुर्मीडीह और आसपास के अग्नि प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के पुनर्वास को लेकर सर्वे पूरा किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि सुरक्षा को देखते हुए भू-धंसान वाले स्थान से दूरी बनाए रखें और प्रभावित क्षेत्र के आसपास न जाएं।