Giridih: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मटुरखा गांव में बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि बालू लदा ट्रैक्टर गांव की सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान साइकिल से जा रहा व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया. टक्कर इतनी गंभीर थी कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
तेज रफ्तार ट्रैक्टरों को लेकर ग्रामीण नाराज
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास की सड़कों पर बालू लदे ट्रैक्टर लगातार चलते हैं. लोगों का आरोप है कि कई बार ऐसे वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं. इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के लिए खतरा बना रहता है.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस हादसे में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है.
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे. मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से बालू लदे वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की है. साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है.