Hazaribagh News: हजारीबाग के कटकमदाग इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां किराए के मकान में रहने वाली एक आदिवासी महिला ने दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया है. महिला के मुताबिक, एक परिचित युवक जबरन उसके कमरे में घुसा था. आरोप है कि इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की. मारपीट में महिला का पैर टूट गया. गंभीर हालत में उसका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.
किराए के कमरे में पहुंचा था परिचित युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कटकमदाग इलाके में किराए के मकान में रहती थी. वह मजदूरी करके अपना जीवन चलाती थी. पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक परिचित युवक उसके कमरे में जबरन घुसा था. महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है. आरोप है कि घटना के बाद कुछ और लोग भी वहां पहुंचे. इन लोगों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की. इसी दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया.
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे.इसके बाद मामले की जानकारी कटकमदाग थाना पुलिस को दी गई. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने नामजद आरोपी विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है.