Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-04

ACB Palamu News: 30 साल पुराने योजना घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, पूर्व कर्मचारियों और ठेकेदारों समेत 6 गिरफ्तार

ACB Palamu News: सरकारी योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितता के करीब तीन दशक पुराने मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार को ACB की कई टीमों ने पलामू के छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर में एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी और ठेकेदार शामिल बताए जा रहे हैं.

अविभाजित बिहार के समय का है मामला
यह पूरा मामला उस दौर का है, जब पलामू बिहार का हिस्सा हुआ करता था. छतरपुर और नौडीहा बाजार इलाके में उस समय सड़क निर्माण, कुआं निर्माण समेत कई सरकारी योजनाओं को मंजूरी दी गई थी. आरोप है कि इन योजनाओं में काम के नाम पर सरकारी राशि के इस्तेमाल में गड़बड़ी की गई.

ACB ने इस मामले में वर्ष 2016 में केस नंबर 27/16 दर्ज किया था. इसके बाद जांच एजेंसी ने लंबे समय तक सरकारी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की. जांच पूरी होने के बाद गुरुवार को अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई.

छापेमारी के बाद छह लोग पकड़े गए
ACB की टीम ने कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को ACB कार्यालय लाया गया. वहां अधिकारियों ने उनसे मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर पूछताछ की. इसके बाद सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें अदालत में पेश किया गया.

अदालत में पेशी के बाद सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. ACB अब मामले में सामने आए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

कुछ आरोपी छापेमारी के दौरान फरार
कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से निकलने में कामयाब रहे. ACB की टीमें अब उनकी तलाश में अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. करीब 30 साल पुराने मामले में अचानक हुई इस कार्रवाई से सरकारी योजनाओं में कथित गड़बड़ी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई के बाद मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना बनी हुई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !