Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-03

Giridih News: गिरिडीह में टुंडी रोड पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Giridih News: गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के टुंडी रोड पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार मनोज कुमार यादव की मौत हो गई. चाइना मोड़ से लौटते समय उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी. गंभीर हालत में उन्हें धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

माल लोड कराने गए थे मनोज
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर के घोबन्नी निवासी मनोज कुमार यादव ड्राइविंग और माल ढुलाई का काम करते थे. परिजनों के मुताबिक, बुधवार को वह चाइना मोड़ पर माल लोड कराने गए थे. काम पूरा नहीं होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे.

टुंडी रोड पर हुआ हादसा
बताया गया कि तिरंगा चौक पार करने के बाद टुंडी रोड पर उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

इलाज के लिए धनबाद ले जाते समय मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया. परिजन उन्हें धनबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई. इसके बाद शव को वापस सदर अस्पताल लाया गया.

मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई. बताया गया कि मनोज अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं. वह परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्यों में शामिल थे.

CCTV फुटेज से वाहन की तलाश जारी 
हादसे के बाद नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना स्थल के आसपास मौजूद दुकानों और प्रतिष्ठानों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के साथ हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. फिलहाल वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !