Hazaribagh: हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र की सिवाने नदी में बुधवार को तेज बहाव में लापता हुए 18 वर्षीय पिंटू मेहता का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया. करीब 22 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद NDRF की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला. शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, मौके पर माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा युवक
जानकारी के अनुसार, पिंटू मेहता कोर्रा साइड के घाट की ओर से सेवाने नदी में नहाने के लिए उतरा था. इसी दौरान नदी का तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया. युवक के पानी में बहने की खबर मिलते ही आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचने लगे. इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद युवक की तलाश शुरू कराई गई.
रात तक नदी में चलती रही तलाश
स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम ने काफी देर तक नदी में युवक को खोजा. लेकिन नदी में पानी का बहाव तेज था. कई जगह पानी काफी गहरा भी था. इस वजह से तलाशी अभियान में काफी परेशानी हुई. अंधेरा होने के बाद भी युवक की तलाश जारी रखी गई. हालांकि, रात तक पिंटू का कोई पता नहीं चल सका.
NDRF ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन
गुरुवार को युवक की तलाश के लिए NDRF की टीम को लगाया गया. टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया. लगातार खोजबीन के बाद करीब 22 घंटे में पिंटू मेहता का शव बरामद कर लिया गया. शव मिलने के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया और आवश्यक पुलिस कार्रवाई शुरू की गई.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शव बरामद होने की जानकारी मिलते ही पिंटू के परिजन मौके पर पहुंचे. शव देखते ही परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे. मौके पर मौजूद ग्रामीण भी घटना से दुखी नजर आए. पुलिस ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है. कई जगह पानी का बहाव भी काफी तेज है. ऐसे में स्थानीय लोगों से नदी और जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.