Jharkhand News: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के आरोप में RPF और GRP की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए. पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन की जनरल बोगी में यात्रियों को निशाना बनाता था और चोरी के लिए चाईबासा से चक्रधरपुर आता था.
स्टेशन पर निगरानी के दौरान पकड़ाया
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF और GRP की टीम रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया. तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल फोन मिले.
चाईबासा का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद निसार के रूप में हुई है. उसकी उम्र 42 वर्ष बताई गई है और वह चाईबासा का निवासी है. जांच के दौरान पुलिस को उसके खिलाफ यात्रियों से मोबाइल चोरी करने से जुड़ी जानकारी मिली.
टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में करता था चोरी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ट्रेन संख्या 18189 टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था. बताया गया है कि वारदात के लिए वह स्कूटी से चाईबासा से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचता था. पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ महीनों से मोबाइल चोरी की घटनाओं में सक्रिय था.
आरोपी को रेल थाना के हवाले किया
गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद RPF-GRP की संयुक्त टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना चक्रधरपुर को सौंप दिया. मामले में पुलिस पहले हुई मोबाइल चोरी की घटनाओं से भी आरोपी के संभावित संबंधों की जांच कर रही है.
बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में कार्रवाई
यह अभियान RPF के ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया. कार्रवाई RPF मंडल सुरक्षा आयुक्त, चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में की गई.