Entertainment News: “मिर्जापुर: द मूवी” को लेकर फैंस का उत्साह रिलीज होने से पहले ही नजर आने लगा है. पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा की इस फिल्म की एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हुई थी. 2 सितंबर सुबह तक फिल्म के 68 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और बुकिंग से करीब 1.98 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज हुई है.
ब्लॉक सीटों के साथ आंकड़ा 3 करोड़ पार
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म की एडवांस बुकिंग से अब तक 1.98 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. वहीं, ब्लॉक की गई सीटों को भी जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा करीब 3.34 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है. फिल्म के रिलीज होने में अभी दो दिन का समय बाकी है. ऐसे में एडवांस बुकिंग में और तेजी आने की संभावना है.
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
“मिर्जापुर: द मूवी” 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. इसके प्रोडक्शन की जिम्मेदारी फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने संभाली है. फिल्म में मिर्जापुर फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय किरदार और कलाकार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे.
वेब सीरीज से सीधे जुड़ी कहानी
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज से सीधा कनेक्शन है. 2018 में शुरू हुई इस फ्रेंचाइजी ने दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई है. सीरीज के तीन सीजन अब तक रिलीज हो चुके हैं. पहला सीजन 2018 में, दूसरा 2020 में और तीसरा सीजन 2024 में आया था.
चौथे सीजन से पहले फिल्म की एंट्री
फैंस लंबे समय से “मिर्जापुर” के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं. मेकर्स चौथे सीजन पर भी काम कर रहे हैं. हालांकि, उससे पहले फ्रेंचाइजी की कहानी को फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर आगे बढ़ाया जा रहा है. अब देखना होगा कि एडवांस बुकिंग की यह तेजी रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में कितनी बड़ी शुरुआत में बदलती है.