Gamharia: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में अभियान चलाया. इस दौरान अजीत होटल में जांच के दौरान करीब 30 किलो बूंदी के लड्डू फफूंद लगे पाए गए.
जांच में खराब मिले लड्डू
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने लड्डुओं की जांच की. इनमें फफूंद लगी हुई थी. इन्हें स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानते हुए विभाग ने सभी लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया. जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली. इसके अलावा वहां काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे.
संचालक को दिया गया सुधार नोटिस
इन कमियों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है. नोटिस में तय समय के भीतर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने को कहा गया है. विभाग ने साफ किया है कि दोबारा लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी होटल और खाद्य कारोबारियों से सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है.