Adityapur: खरकई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष, इचा-गालूडीह कॉम्प्लेक्स, आदित्यपुर की दैनिक रिपोर्ट में नदी की स्थिति गंभीर बताई गई है.
133.30 मीटर पहुंचा खरकई का जलस्तर
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के शिफ्ट इंचार्ज की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर 133.30 मीटर दर्ज किया गया है. यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर है. इस तरह नदी खतरे के निशान से 4.30 मीटर ऊपर बह रही है. रिपोर्ट में नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ने की बात कही गई है.
गंजिया बैराज के सभी 15 गेट खुले
गंजिया बैराज में भी पानी बढ़ रहा है. बैराज का मौजूदा जलस्तर 138.50 मीटर है, जबकि इसका FRL 143.70 मीटर है. बढ़ते जलस्तर के बीच बैराज के सभी 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं. यहां से 4931.27 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है.
खरकई डैम में भी बढ़ रहा पानी
ओडिशा के रायरंगपुर स्थित खरकई डैम का जलस्तर 311.55 मीटर दर्ज किया गया है. इसका FRL 313.50 मीटर है. डैम से 27.80 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है और एक गेट खुला है. यहां जलस्तर बढ़ने का ट्रेंड बना हुआ है. रायरंगपुर स्थित बांकाबल डैम में पानी का स्तर 303.43 मीटर है. इसका FRL 305.00 मीटर है. यहां जलस्तर घट रहा है. डैम के दो गेट खुले हैं और 124.40 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. खरकई नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.