Koderma: सोमवार की रात झुमरी तिलैया लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के नीरू पहाड़ी के पास हुआ. मृतक की पहचान 33 वर्षीय प्रीतम पटेल के रूप में हुई है. वह गिरिडीह जिले के राजधनवार के रहने वाले थे.
बारिश के बीच हुआ हादसा
प्रीतम झुमरी तिलैया में किराए के मकान में रहते थे और स्मार्ट बाजार में नौकरी करते थे. सोमवार को वह अपने गांव राजधनवार गए थे. रात में बाइक से वापस झुमरी तिलैया के लिए निकले. रास्ते में नीरू पहाड़ी के पास तेज बारिश हो रही थी. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में प्रीतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बाइक नंबर से परिवार तक पहुंची पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया. मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से पुलिस ने प्रीतम के परिवार का पता लगाया. इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मंगलवार सुबह परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. प्रीतम का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. प्रीतम के पिता की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी. अब परिवार ने एक और सदस्य को खो दिया. प्रीतम अपने पीछे मां, पत्नी और छोटी बेटी को छोड़ गए हैं. हादसे की खबर के बाद घर में मातम पसरा हुआ है.